पडरौना। चोरी किए गए एटीएम कार्ड से निकाले गए 2.35 लाख रुपये में से 1.97 रुपये, एटीएम कार्ड व एक मोबाइल फोन के साथ एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर है और साइबर ठगी से जुड़े अपराध को अंजाम देने में माहिर है। पूछताछ में पुलिस को कई जानकारी मिली है। इस आधार पर पुलिस काम कर रही है। चौराखास थाना क्षेत्र के बेलवा आलम दास निवासी उमेश कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका एटीएम कार्ड चोरी कर उनके खाते से अलग-अलग दिनांक में कुल 2.35 लाख रुपये निकाल लिए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरी व आईटी एक्ट संबंधी अभियोग पंजीकृत कर घटना की जांच में जुट गई। प्रेस वार्ता में सीओ पडरौना अभिषेक कुमार अजेय ने बताया कि मंगलवार को थाना चौराखास व साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने घटना का पर्दाफाश करते हुए अभियुक्त बुद्ध दीप पुत्र सुग्रीव प्रसाद निवासी ग्राम चितहां थाना नेबुआ नौरंगिया जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए एटीएम कार्ड से निकाले गए 1.97 लाख रुपये, एटीएम कार्ड व एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर उपरोक्त मुकदमे में धारा 317(2) की बढ़ोतरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।