निकाय चुनाव में असावधानी बढ़ा सकती है संक्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कोरोना के बढ़ते मामले चुनाव में मुश्किल खड़ी न कर दें। इसकी आशंका बनी हुई है। क्योंकि जिले के चार लोग कोरोना से संक्रमित मिल चुके हैं। कोरोनारोधी वैक्सीन भी नहीं है। फिर भी सावधानी नहीं बरती जा रही है। अब तो निकाय चुनाव के लिए मैदान में उतरे उम्मीदवारों के समर्थक भी झुंड के झुंड आ-जा रहे हैं। ऐसे में असावधानी परेशानी खड़ी कर सकती है।
जिले में कोरोना संक्रमण के चार मामले सामने आ चुके हैं। वह भी तीन दिन के भीतर। ऐसी स्थिति में जनपद में कोरोना रोधी वैक्सीन भी नहीं है। पहली और दूसरी डोज तो लोगों ने लगवा ली है, लेकिन सतर्कता डोज 40 फीसदी लोग भी नहीं लगवा सके हैं। ऐसे में यदि संक्रमण फैला तो काबू पाना मुश्किल हो जाएगा।
इसके बावजूद जनपद में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बावजूद सावधानी नहीं बरती जा रही है। बाजार, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थलों पर लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं हो रहा है, जबकि जिला प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोविड गाइडलाइन जारी कर दी है।
पडरौना शहर के सुभाष चौक, तिलक चौक, धर्मशाला रोड, मेन बाजार रोड सहित दुकानों व अन्य जगह लोग भीड़भाड़ के बावजूद कोविड संक्रमण को लेकर सचेत नहीं दिख रहे हैं। बाजार में भीड़ रह रही है, लेकिन मास्क लगाए लोग नजर नहीं आ रहे हैं। यही हाल टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थलों का है, जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या में हो रही वृद्धि को देखते हुए सावधानी जरुरी है। क्योंकि अब जनपद में चार लोग संक्रमित मिल चुके हैं। सावधानी न बरतने पर स्थिति चिंताजनक हो सकती है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि अभी कोरोनारोधी वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। राज्य स्तर पर बात की गई, लेकिन अभी इसके आने की संभावना भी नहीं है, इसलिए कोविड गाइडलाइन का पालन जरुरी है।