पकवा इनार। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) विद्यार्थियों के लिए शिक्षा प्राप्ति के लिए बहुत ही बढ़िया विकल्प है। यह भारत सरकार का एक केंद्रीय विश्वविद्यालय है और इसके सभी पाठ्यक्रम मान्यता प्राप्त हैं।
वे विद्यार्थी जो किसी संस्थान में नियमित विद्यार्थी के रूप में कक्षाएं करके अपनी पढ़ाई नहीं कर सकते वे इसके द्वारा स्नातक और स्नातकोत्तर सहित अनेक प्रकार के डिग्री और सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते हैं। इग्नू में वर्तमान सत्र के लिए प्रवेश कार्य आरंभ हो गया है।
उक्त जानकारी इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रोफेसर गौरव तिवारी ने दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रकार की नौकरियों को करने वाले लोग अपनी प्रोन्नति के लिए या ज्ञान के लिए पढ़ाई करना चाहते हैं तो उनके लिए भी इग्नू अच्छा विकल्प है।
इग्नू बीए और एमए की परीक्षाएं वर्ष में एक बार ही देनी पड़ती हैं। इसलिए विद्यार्थियों को वर्ष में बार-बार कई परीक्षाएं देने की बाध्यता नहीं रहती। इग्नू के प्रत्येक पाठ्यक्रम के नोट्स विश्वस्तरीय होते हैं। इसीलिए यह प्रतियोगी परीक्षाओं के विद्यार्थियों की पहली पसंद हैं। इसमें एक सुविधा यह भी है कि एक साथ दो पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया जा सकता है।
प्रो. तिवारी ने कहा कि बुद्ध पीजी कॉलेज स्थित अध्ययन केंद्र पर 20 से अधिक पाठ्यक्रम मान्यता प्राप्त हैं। जिन पाठ्यक्रमों की यहां मान्यता नहीं है। उनमें भी ऑनलाइन प्रवेश लेकर यहां परीक्षा दी जा सकती है।
स्नातक के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अनुसूचित जाति और जनजाति के विद्यार्थियों के लिए शुल्क में पचास प्रतिशत की छूट विश्वविद्यालय की ओर से है। पडरौना स्थित यूएनपीजी और बुद्ध इंटर कॉलेज में इग्नू का अध्ययन केंद्र संचालित हैं।ा