छात्रसंघ चुनाव के लिए छात्रों ने दिया धरना
नियंता मंडल के साथ छात्रों की तीखी बहस हुई
रविवार तक कॉलेज बंद कराने की सूचना कराई चस्पा
अमर उजाला ब्यूरो
कसया। बुद्ध पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए छात्रों ने बृहस्पतिवार को प्राचार्य का घेराव किया। बात नहीं बनी तो गेट के सामने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठ गए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्राचार्य डॉ. अमृतांशु शुक्ल ने विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव से पूर्व कॉलेज में चुनाव कराने से साफ इंकार कर दिया।
बृहस्पतिवार को दोपहर में छात्र नेता कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए घूम-घूमकर प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही मुख्य नियंता डॉ त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी पहुंचे। उन्होंने छात्रों से कॉलेज में शैक्षणिक वातावरण को बिगाड़ने की कोशिश न करने की हिदायत दी तो छात्र उग्र हो गए। नियंता मंडल व छात्रों में तीखी बहस भी हुई। छात्र नेताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। प्राचार्य डॉ अमृतांशु कुमार शुक्ल ने माहौल को देखते हुए शैक्षणिक कार्य बंद कराकर कॉलेज को रविवार तक बंद होने की सूचना चस्पा करा दी। इस मौके पर अध्यक्ष विवेक सिंह, उपाध्यक्ष शेखर शर्मा, पंकज राय, भीम यादव, मनमोहन यादव, सुधीर यादव, कुंदन सिंह, सुजीत सिंह, अजीत कुमार सिंह, अभिषेक मिश्रा, अजीत पांडेय, अर्पित पांडेय, अंकित पांडेय, विश्वामित्र राठौर, सुधाकर यादव, अविनाश, रोहित गुप्ता आदि मौजूद रहे।