पडरौना। खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। जिला स्टेडियम को कुश्ती, कबड्डी, हॉकी, एथलेटिक्स और फुटबॉल समेत कुल पांच खेलों के कोच मिल गए हैं। बॉक्सिंग और स्वीमिंग के कोच पहले से ही स्टेडियम में तैनात हैं। अब पांच और खेलों के कोच मिलने से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण में आसानी होगी।
क्रीडाधिकारी रवि निषाद ने बताया कि स्टेडियम में स्वीमिंग और बॉक्सिंग के पहले से ही कोच उपलब्ध हैं। बीते एक अप्रैल से शुरू हुए नए सत्र के लिए कुस्ती, कबड्डी, हॉकी, एथलेटिक्स और फुटबाल समेत कुल पांच खेलोें के कोच स्टेडियम को उपलब्ध हो गए हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी खेल में 40 से अधिक खिलाड़ी नियमित अभ्यास करने के लिए स्टेडियम आते हैं। कोच के आने से स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की प्रतिभा में निखार आएगा। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में बास्केट बाल, लॉन टेनिस और क्रिकेट खेल के अभ्यास के लिए अलग से कोर्ट बनाया गया गया है। अब इन खेल के कोच की मांग भी उच्चाधिकारियों से की जाएगी। कोच मिलने के बाद इन खेलों का अभ्यास शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन खेल में कोच उपलब्ध हो गए हैं, उन खेल से संबंधित खिलाड़ी अभ्यास के लिए आने लगे हैं। यहां अभ्यास करने वाले सभी खिलाड़ियों को स्टेडिम की तरफ से हर संभव जरूरी कीट और अन्य संसाधन उपलब्ध कराई जाती है।