खंड विकास में मतदान की तिथि नजदीक आते देख प्रत्याशियों ने घर-घर पहुंचकर वोट मांगने का सिलसिला तेज कर दिया है। विकास खंड में प्रधान की 24 और ग्राम पंचायत सदस्य की 314 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। जिन 72 ग्रामसभाओं में प्रधान पद के लिए चुनाव होना है, वहां मतदाताओं के प्रत्याशी दिन में कई बार पहुंच रहे हैं। प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए सारे हथकंडे अपना रहे हैं।
नरायनपुर, फटकदौना, मलहिया ग्रामसभा में प्रधान का पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है और वर्ग का उम्मीदवार नहीं मिलने से यहां इस बार प्रधान पद के लिए चुनाव नहीं हो पा रहा है। अन्य 72 ग्राम सभाओं में प्रधान के 13 पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इनमें से पांच पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हैं। प्रधान के 21 पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित हैं।
इनमें से 7 पद पिछड़ी जाति महिला के लिए आरक्षित की गई है। प्रधान के 38 पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इनमें से 12 सीटें सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। विकास खंड में पहले चरण में 28 नवंबर को मतदान होना है।
इस बीच बृहस्पतिवार को शाम को ग्राम सभाओं में चुनाव प्रचार का शोर थम गया। इसके साथ ही प्रत्याशियों ने वोटरों के घर-घर पहुंचने का सिलसिला तेज कर दिया है।