कालाजार प्रभावित गांवों में होगा छिड़काव
आशा, आशा संगिनी और स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। कालाजार एवं मलेरिया उन्मूलन के लिए दूसरा चरण शुरू हो रहा है। छिड़काव शुरू करने से पहले तमकुही के सभागार में आशा, आशा संगिनी और स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा ने कहा कि कालाजार उन्मूलन को लेकर सरकार काफी संवेदनशील है। कर्मचारी प्रशिक्षण शिविर में तरीकों को समझें और नियमानुसार छिड़काव कराएं। उन्होंने कहा कि डिबनी बंजरवा, बिहार बुजुर्ग, बिहार खुर्द, सपही टड़वा एवं परसौनी खुर्द सहित पांच गांव कालाजार प्रभावित हैं। प्रभावित गांवों के प्रत्येक घरों में छिड़काव होगा। यहां तक कि गौशाला एवं शौचालयों में भी छिड़काव कराया जाएगा। ताकि इस बीमारी से बचाव किया जा सके। मलेरिया इंस्पेक्टर महेश नारायण शुक्ल ने कहा कि दीवारों पर छह फीट ऊंचाई तक छिड़काव होगा। श्रमिकों को सावधानीपूर्वक छिड़काव करना होगा, जिससे कोई भी स्थान वंचित न रह जाए। कार्यक्रम में उपस्थित आशा, आशा संगिनी, स्वास्थ्य कर्मचारियों को छिड़काव के समय सहयोग करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान डब्ल्यूएचओ के जोनल कोआर्डिनेटर डॉ. सागर घोड़कर, निरीक्षक चंद्रप्रकाश, पंकज पाठक, विनय नायक सहित अन्य लोग मौजूूद थे।