पडरौना। बुधवार को शासन से आए विशेषज्ञ गुणवत्ता शिक्षा ने जिले के कई स्कूलों और ब्लॉक संसाधन केंद्रों की जांच की। बच्चों से सवाल पूछे और उनकी कॉपियां भी जांची। एबीआरसी समन्वयकों को भी शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के उपाय बताए।
बीआरसी पडरौना और मोतीचक का भ्रमण करने पहुंचे विशेषज्ञ गुणवत्ता शिक्षा फूल मुहम्मद अंसारी ने कहा कि एबीआरसी समन्वयकों की नियुक्ति का उद्देश्य यह है कि विशेषज्ञ अध्यापक बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता को बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि बच्चे का अगर शैक्षणिक स्तर कमजोर है तो इसका सीधा अर्थ यही है कि उस क्षेत्र के एबीआरसी मेहनत नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक एबीआरसी समन्वयक को कम से कम 25 स्कूलों का निरीक्षण करना चाहिए। इन्होंने प्राथमिक विद्यालय शाहपुर और धुनवलिया का भी निरीक्षण किया। यहां बच्चों से सवाल पूछने के अलावा उनकी कॉपियां भी जांचीं। बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धि पर संतोष जताया। दोपहर बाद गुणवत्ता शिक्षा विशेषज्ञ ने जिला मुख्यालय आकर बीएसए लालजी यादव से बात की। उन्होंने स्कूलों में एमडीएम रजिस्टर पर बच्चों के हस्ताक्षर कराने के नियम को सराहनीय प्रयास बताया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान इनके साथ जिला समन्वयक प्रशिक्षण रामचंद्र यादव, एबीआरसी समन्वयक दिनेश चंद्र मौजूद थे।