सभी तहसीलों के एक-एक थानों में विशेष थाना दिवस का हुआ आयोजन
थानों पर पहुंचे डीएम और एसपी, निस्तारण की गति दिखी कमजोर
संवाद न्यूज एजेेंसी
पडरौना। आईजीआरएस या तहसीलों में लगने वाले समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराने वाले लोग कागजी निस्तारण से संतुष्ट नहीं हो रहे हैं। डीएम व एसपी के पास दोबारा फरियाद लेकर पहुंच रहे हैं। लोगों की सहूलियत के लिए मंगलवार को सभी तहसीलों के एक-एक थानों पर सामाधान दिवस का आयोजन किया गया। थानों पर फरियादियों की भीड़ भी जुटी, लेकिन निस्तारण की गति काफी सुस्त रही। इससे बुझे मन से शिकायतकर्ताओं को घर लौटना पड़ा।
कप्तानगंज थाने पर फरियादियों की भीड़ सुबह 10 बजे से ही लग गई। करीब 11:30 डीएम रमेश रंजन और एसपी धवल जायसवाल पहुंचे। कतार में लगे लोगों की शिकायतों को सुना और संबंधित विभाग के कर्मचारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। भीड़ इतनी हो गई कि फरियादियों के लिए कुर्सियां कम पड़ गईं। धूप में लोगों को जमीन पर बैठना पड़ा।
सुधियानी गांव की कमलावती देवी, सोमली गांव के रामचंद्र साहनी ने बताया कि जमीन का विवाद था। प्रार्थनापत्र दिया था, लेकिन समाधान नहीं हुआ। एसडीएम व्यास नारायण उमराव, सीओ कसया कुंदन सिंह, तहसीलदार कृष्ण गोपाल त्रिपाठी नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा, नगर पंचायत कप्तानगंज के ईओ अमरीश कुमार, इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह मौजूद रहे।
अहिरौली बाजार थाने पर मंगलवार को एसडीएम हाटा वरुण कुमार पांडेय 10:46 बजे पहुंचे। विशेष समाधान दिवस में आए फरियादियों को फिर आश्वासन लेकर लौटना पड़ा। 16 मामलों में सिर्फ एक का निस्तारण हो सका। मगडीहा गांव निवासी हरिद्वार ने बताया कि वर्ष 2004 में मेरी माता छविराजी देवी के नाम से जमीन बैनामा हुआ। खारिज दाखिल के बाद भी दबंग कब्जा नहीं होने दे रहे हैं।एसडीएम ने कप्तानगंज थाने से जुड़ा मामला होने की बात कहकर लौटा दिया। हाटा तहसील क्षेत्र के गांव सुबुधिया निवासी भरत प्रसाद ने बताया कि वर्ष 2012 में पक्की पैमाइश कराई और पत्थर खेत में लगा दिया गया। दो बार पत्थर उखड़ाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। दबंगों पर कार्रवाई की बजाय पुन: पैमाइश कर पत्थर लगाने के निर्देश एसडीएम ने राजस्वकर्मी को दिए।
पिपरा डिबनी गांव निवासी गंगा गौड़ ने बताया कि भाई से आबादी की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। एसडीएम ने कहा कि इसका निपटारा तहसील से होगा। गांव बरवा बाबू निवासी राजेंद्र ने बताया कि पड़ोसी से आबादी का विवाद चलता है। मौके पर मौजूद दोनों से वार्ता कर एसडीएम ने विवाद सलटा दिया।
नायब तहसीलदार शैलेश सिंह राजस्व टीम के साथ करीब 10:29 बजे चौराखास थाने पहुंचे, जहां पहले से मौजूद लोगों की शिकायतों को सुना। पुलिस से जुड़े तीन मामलों का निस्तारण किया गया। बाकी लंबित मामलों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारण के निर्देश दिए।
एसपी ने थाने का किया निरीक्षण
खड्डा। एसपी धवल जायसवाल मंगलवार को दोपहर बाद अचानक खड्डा थाने पर पहुंचे। कार्यालय में पहुंचकर अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, हत्या/बलवा से संबंधित रजिस्टर व बीट सूचना रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, आईजीआरएस, बीट पुलिसिंग, मालखाने में रखे शस्त्रों का निरीक्षण किया। कमियां मिलने पर सुधारने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि थाने पर आने वालों से शालीनता से पुलिसकर्मी पेश आएं।