पडरौना। सपा की सरकार ने अपने सभी चुनावी वादे पूरे किए हैं। उत्तर प्रदेश साढ़े चार साल में ही उत्तम प्रदेश बनने लगा है। अपनी उपलब्धियों के दम पर ही सपा पुन: विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी। ये बातें राज्यमंत्री और कुशीनगर जिले के प्रभारी श्रीपति सिंह ने बुधवार को जूनियर हाईस्कूल पडरौना में आयोजित सपा के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि कन्या विद्याधन, लैपटॉप, समाजवादी पेंशन, लोहिया आवास समेत तमाम ऐसी योजनाएं प्रदेश सरकार ने शुरू कीं, जिसकी दूसरे प्रदेश नकल कर रहे हैं। जनहित से जुड़े हर मामले में मुख्यमंत्री स्वयं रुचि लेते हैं और कार्यों को समय से पूरा कराया जाता है। विपक्षी दलों के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, लिहाजा झूठ बोलकर सरकार को बदनाम किया जा रहा है।
कृषि एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह ने कहा कि सरकार और सत्ता पक्ष के लोगों ने अपने क्षेत्र में विकास के जो कार्य कराए हैं उससे जनता को सीधा लाभ मिला है। कार्यकर्ता क्षेत्र में इसका प्रचार करें, जिससे कि विरोधियों को अफवाह फैलाने का मौका न मिले। इस कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश राणा, जिलाध्यक्ष और एमएलसी रामअवध यादव, पूर्व सांसद बालेश्वर यादव, रामकोला के विधायक डॉक्टर पूर्णमासी देहाती, पूर्व विधायक विश्वनाथ सिंह, पीके राय, डॉक्टर बीके मिश्र, पूर्व मंत्री कृपाशंकर आर्य, विजेंद्र पाल यादव बबलू, नथुनी कुशवाहा आदि ने भी संबोधित किया।
इस दौरान फखरुद्दीन अंसारी, कैशर जमाल टीटू, चंद्रप्रकाश यादव, बजरंगी पहलवान, कौशल शुक्ला, विजय शंकर यादव, बनारसी यादव, कमरूद्दीन पहलवान, सुनील शुक्ला, सचिन यादव, रूपेंद्र यादव, रामप्रताप यादव आदि मौजूद थे। संचालन मुजीबुल्लाह राही ने किया।