तमकुहीरोड। सेवरही क्षेत्र में शुक्रवार को चीनी मिल की तरफ से बाइक रैली निकाली गई। मिल के अधिकारियों ने गन्ना किसानों को वसंतकालीन गन्ने की बुआई के प्रति जागरूक करते हुए अधिक उपज देने वाली गन्ने की प्रजातियों की बुआई के लिए प्रेरित किया।
अधिशासी निदेशक वाईपी सिंह ने कहा कि गन्ना किसानों को वसंतकालीन गन्ने की बुआई को लेकर चीनी मिल द्वारा सेवरही, तरयासुजान, दुदही और फाजिलनगर क्षेत्र के किसानों जागरूक किया जा रहा है। गन्ना महाप्रबंधक प्रमोद कुमार व गन्ना प्रबंधक पीएन शाही ने किसानों को वसंतकालीन गन्ने की उत्पादकता को बढ़ाने के लिए खेतो में को.15023 व को.0118 और जलभराव वाले खेतों में को.पी.9301 व को.लखनऊ 14201 की बुआई करने की सलाह दी। उन्होंने चीनी मिल की तरफ से किसानों को मिलने वाले बायोकंपोस्ट, उर्वरक व कीटनाशकों के बारे में बताया। इस दौरान केन मैनेजर रामशंकर प्रसाद, रजनीश सिरोही, यशवंत सिंह बघेल, महेश कुमार अग्रवाल, दिलीप मिश्र, संदीप सिंह, अंबिका सिंह बघेल, उपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।