अहिरौली बाजार (कुशीनगर)। जमीन बेचने के बाद मिले रुपये के विवाद में बेटे ने बृहस्पतिवार को चाकू से गला रेतकर मां की हत्या कर दी। इसके बाद गांव के एक व्यक्ति से मोबाइल मांगकर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
अहिरौली थानाक्षेत्र के बसंतपुर गांव की रहने वाली इशरावती देवी (65) घर में अकेले रहती रहती थीं। बड़ा बेटा बृजभूषण दुबे उर्फ पप्पू (48) परिवार के साथ पंजाब में रहकर किसी कंपनी में काम करता है। छोटा बेटा अनुराग दुबे पत्नी-बच्चों के साथ गोरखपुर में रहता है। वर्ष 2021 कोरोना काल में इशरावती के पति की मौत के बाद पुश्तैनी जमीन उनके और दोनों बेटों के नाम दर्ज हो गई थी। करीब एक साल पहले इशरावती ने अपने नाम दर्ज कुछ जमीन बेची थी। इसमें मिले पांच लाख पप्पू को और छह लाख रुपये अनुराग को दिए थे। एक लाख रुपये कम मिलने पर पप्पू मां से नाराज था।
बृहस्पतिवार को शाम करीब 4 बजे पप्पू पंजाब से घर आया और बुजुर्ग मां की हत्या कर दी। करीब आधे घंटे तक वह शव के पास बैठा रहा। इसके बाद गांव के ही एक व्यक्ति से मोबाइल मांगकर डायल 112 पर मां की हत्या की सूचना दी। शाम करीब 5 बजे पहुंची पुलिस टीम ने हत्या की वारदात का हवाला देते हुए पप्पू के घर के बार में पूछा तो गांव के लोग दंग रह गए। पुलिस ने पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि हत्या में इस्तेमाल चाकू वह पंजाब से लेकर आया था। मामले की जानकारी पर छोटा बेटा अनुराग भी घर पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि बेची गई जमीन के रुपये के विवाद में मां के हत्यारोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।