ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट से पुत्र की मौत, पिता गंभीर
गंगुआ बाजार। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के समउर-पटहेरिया मार्ग स्थित बंगला टोला के पास बृहस्पतिवार की रात में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट से बिहार निवासी बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजवाया तथा शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बिहार प्रांत के भोरे थाना क्षेत्र के भोपतपुरा गांव निवासी दिनेश वर्मा (35) अपने पिता विक्रम वर्मा (58) के साथ बाइक से बृहस्पतिवार की रात लगभग नौ बजे पटहेरिया की तरफ जा रहे थे। अभी वह समउर-पटहेरिया मार्ग पर स्थित बंगला टोला के समीप पहुंचे थे कि सामने से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक बाइक में टक्कर मारते हुए भाग निकला।
इससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। जब तक लोग मौके पर पहुंचकर इलाज के लिए अस्पताल भेजवाते, तब तक पुत्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज समउर राजेश कुमार गौतम ने घायल विक्रम को अस्पताल भेजवाया। तमकुहीराज के थानाध्यक्ष नीरज राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।