पीड़िया विसर्जन के समय फोटो खींचने पर मारपीट
पटहेरवा/समउर बाजार। पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में पीड़िया विसर्जन के दौरान नृत्य कर रही लड़कियों की फोटो खींचने व वीडियो बनाने पर पोखरे पर ही मारपीट हो गई। इसमें एक युवती सहित तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव के पोखरे पर शुक्रवार को पीड़िया विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक अपने मोबाइल फोन से फोटो क्लिक कर व वीडियो बना रहे थे। वहीं गांव का एक युवक वीडियो बना रहे युवकों को डांटने लगा। इस पर कहासुनी हुई और फिर मारपीट होने लगी। इससे एक युवती और दो युवक घायल हो गए।
तीनों घायलों को फाजिलनगर सीएचसी ले जाया गया। बाद में मारपीट करने वाले युवकों ने माफी मांग ली, जिससे विवाद गांव में ही मामला सुलझा लिया गया। हालांकि शाम को पटहेरवा के थानाध्यक्ष गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि पीड़िया विसर्जन के दौरान हुई मारपीट के मामले में ग्राम प्रधान की तहरीर पर 19 नामजद पर यौन उत्पीड़न, मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।