पडरौना। प्रदेश सरकार ने तीर्थ यात्रियों को सोमनाथ मंदिर की मुफ्त यात्रा कराने का निर्णय लिया है। जिले से 10 श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। इनमें पुजारी, उद्यमी और सफाई कर्मचारी शामिल हैं।
भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम और सबसे पवित्र तीर्थ स्थल में शामिल सोमनाथ की यात्रा सरकार मुफ्त कराएगी। इसके लिए जिले से 10 तीर्थ यात्रियों का चयन किया गया है। अलग-अलग श्रेणियों में श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। इनमें मंदिर के पुजारी, उद्यमी, सफाई कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं।
चयनित श्रद्धालु 18 अप्रैल शनिवार को जिला मुख्यालय से रवाना होंगे। 19 अप्रैल को लखनऊ से सोमनाथ रवाना होंगे। गुजरात तक यात्रा का खर्च संस्कृति विभाग उठाएगा जबकि, गुजरात में आवास, भोजन व स्थानीय यातायात की व्यवस्था गुजरात पर्यटन विभाग करेगा।
बताया गया कि इस साल सोमनाथ मंदिर के ध्वंस के एक हजार वर्ष (1026 में गजनवी के हमले के एक हजार वर्ष) और पुनर्निर्मित मंदिर के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है। इसमें कई जगहों से श्रद्धालुओं को विशेष यात्राएं या कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भेजा जा रहा है। जिसमे कुशीनगर के 10 श्रद्धालु तीर्थयात्रा पर भेजे जाएंगे।
यह यात्रा शनिवार को शुरू होगी। तीर्थ यात्री लखनऊ से गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर के लिए 19 अप्रैल को रवाना होंगे। यात्रा के दौरान सोमनाथ संकल्प संवाद, लाइट एंड साउंड शो, सोमनाथ म्यूजियम, भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन, दीपोत्सव में भी तीर्थ यात्रियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा।
-
यह है कार्यक्रम
18 अप्रैल को तीर्थयात्री लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे, जो लखनऊ पहुंचेंगे। 19 अप्रैल को लखनऊ में कार्यक्रम के बाद सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे। 21 अप्रैल को सोमनाथ गुजरात में यात्रा आगमन, 22 व 23 अप्रैल को सोमनाथ में रहकर विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग, 24 अप्रैल को यात्रा सोमनाथ से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगी।
0
जिला, तहसील व ब्लॉक स्तर पर होंगे कार्यक्रम
19 अप्रैल को स्वाभिमान पर्व पर जिला, तहसील व ब्लॉक स्तर के शिवालयों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा सामूहिक मंत्रोच्चार, ओंकार जाप, सोमनाथ संकल्प संवाद, प्रवचन, सोमनाथ पर आधारित गाथा का प्रस्तुतीकरण, भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
0
यात्रा पर जाने के लिए उत्साहित हैं श्रद्धालु
चयनित श्रद्धालुओं में पडरौना नगरपालिका के सफाई कर्मचारी विक्रम, शहर के मेन बाजार दक्षिण मानस कॉलोनी शिवालय के पुजारी वीरेंद्र, वार्ड नंबर-2 साहबगंज दक्षिणी के दुकानदार छोटू, कसया क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिक ओमप्रकाश कुशवाहा, फाजिलनगर क्षेत्र के नरायणपुर कोठी निवासी रविंद्र सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता बद्रीनारायण द्विवेदी, वार्ड नंबर -2 शक्तिनगर कसया के युवा उद्यमी दीपक कुमार सिंह, सीईओ जीवक ट्रेडिशनल हेल्थ केयर फाउंडेशन के संचालक डाॅ. राजकुमार त्यागी, वरिष्ठ नागरिक झुंगवा निवासी बालकृष्ण पांडेय शामिल हैं।
कोट
गुजरात के सोमनाथ मंदिर की यात्रा के लिए अलग-अलग श्रेणियों में 10 श्रद्धालुओं का चयन करके सूची भेज दी गई है। 19 अप्रैल से श्रद्धालु मुख्यालय से यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त होगी और व्यवस्थित होगी। -तेज प्रताप शुक्ल, वरिष्ठ कार्यालय सहायक, राजकीय बौद्ध संग्रहालय कुशीनगर
0
कल मनाया जाएगा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व
पडरौना। जिले में रविवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का भव्य होगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। तहसील व ब्लॉक स्तर पर किया आयोजन होगा। इसके तहत तहसील व ब्लाॅक स्तर के शिवालयों को शामिल किया गया है। वहां पर भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन, दीपोत्सव सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। तहसील स्तर पर एसडीएम व ब्लॉक स्तर पर बीडीओ को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नगरपालिका पडरौना, कुबेरनाथ स्वयंभू, नगरपालिका कुशीनगर, करहिया, साखोपार, बसडीला, रामकोला अमवा, नगर पंचायत तमकुहीराज, पटहेरवा, शिवसरया समउर, नगर पंचायत फाजिलनगर, नगर पंचायत हाटा स्थित शिवालय शामिल किए गए हैं।