कहीं पानी की किल्लत तो कहीं जलभराव से जूझ रहे लोग
जगदीशपुरम कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति नहीं, खरीदकर पानी पीते हैं लोग
नौका टोला में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी भरा
पडरौना। शहर के जगदीशपुरम् कॉलोनी में रहने वाले 1500 लोगों को आपूर्ति का पानी नहीं मिल पा रही है। उन्हें खरीदकर पानी पीना पड़ता है। जबकि नौका टोला में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। बारिश होने पर मोहल्ले में जलभराव हो जाता है। नगर पालिका के जिम्मेदारों का कहना है कि समस्याओं का जल्द समाधान कर दिया जाएगा।
शहर के पूर्वी छोर पर करीब 25 वर्ष पहले बसे जगदीशपुरम् कॉलोनी में 300 से अधिक मकान हैं। इनमें 1500 से अधिक लोग रहते हैं। कॉलोनी में चार निजी स्कूल और तीन अस्पताल हैं। शिक्षक, अधिवक्ता और कई डॉक्टरों के भी आवास हैं। पॉश इलाका होने के बावजूद नगर पालिका सुविधाएं उपलब्ध कराने में नाकाम है।
कॉलोनी वासियों की मांग पर नगर पालिका ने जून से पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू कराया है। दो माह में 15 से 20 घरों तक पानी पहुंच पाया है। इन दिनों पाइप लाइन बिछाने का काम बंद है। इस वजह से बाकी घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
इसके अलावा रामकोला रोड और रेलवे लाइन के बीच में बसा नौका टोला (आंबेडकर नगर) में जलभराव की समस्या बनी रहती है। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी घरों में घुस जाता है। नौका टोला के गुड्डू सिंह ने बताया कि कॉलोनी में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। हल्की बारिश होने पर भी जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है।
नौका टोला के राधे यादव ने बताया कि कॉलोनी के एक तरफ रेलवे लाइन तो दूसरी तरफ रामकोला रोड है। दोनों कॉलोनी की सड़कों से करीब तीन फीट ऊंचाई पर हैं। इससे बारिश में दिक्कत होती है।
जगदीशुपरम् कॉलोनी के सुनील कुमार मिश्र ने बताया कि केवल 20 घरों में ही पानी की आपूर्ति होती है। बाकी लोग खरीदकर पानी पीते हैं।
...
कोट
जगदीशपुरम् कॉलोनी में सड़क निर्माण चल रहा है। बारिश की वजह से थोड़ी दिक्कत आई है। जल्द ही पाइप लाइन बिछा कर अन्य घरों में पानी की आपूर्ति की जाएगी। जलभराव की समस्या भी दूर की जाएगी। नगर की प्रमुख सड़कें लोक निर्माण विभाग की हैं। मरम्मत के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
-विनय जायसवाल, चेयरमैन, नगर पालिका