सामुदायिक शौचालयों की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल
240 शिकायतें आईं, 1,003 ग्राम पंचायतों में बनेंगे शौचालय
पडरौना। पंचायती राज विभाग की तरफ से जिले में बनवाए गए 987 सामुदायिक शौचालयों में 240 में गड़बड़ी की शिकायत आई है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत पंचायती राज विभाग को पहले व्यक्तिगत और बाद में सामुदायिक शौचालय निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग के अनुसार शौचालय की दो सीट, एक मूत्रालय और एक स्नान घर निर्माण के लिए तीन लाख 85 हजार रुपये, चार सीट, मूत्रालय और स्नान घर निर्माण के लिए पांच लाख 71 हजार रुपये, छह सीट (तीन पुरुष व तीन महिला), मूत्रालय और स्नान घर निर्माण के लिए सात लाख पचास हजार रुपये आवंटित है। मजदूरी का भुगतान मनरेगा से करने का आदेश है।
जिले की सभी 1,003 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बनने हैं। इनका संचालन ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराने का आदेश दिया गया है।
पंचायती राज विभाग अब तक 987 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण करा चुका है, लेकिन इनकी गुणवत्ता पर शुरुआती दौर में ही सवाल उठाते हुए विभिन्न गांवों के ग्रामीणों की तरफ से 240 शिकायती पत्र विभाग को भेजे गए हैं। इनकी जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
...
कोट
987 सामुदायिक शौचालय बन चुके हैं। 950 में केयरटेकर नियुक्त कर दिए गए हैं। 240 सामुदायिक शौचालयों की गुणवत्ता की शिकायतें मिली हैं। शिकायतों का निस्तारण कराया जा रहा है।
-अभय यादव, डीपीआरओ