कसया नगर के श्रीराम जानकी मंदिर में अयोध्या के लिए नौ धर्मस्थलों की मिट्टी का पूजन करते विहिप पदा
- फोटो : KUSHINAGAR
कुशीनगर समेत नौ धर्मस्थलों की पवित्र मिट्टी भेजी गई अयोध्या, श्रीराम मंदिर निर्माण में होगा इस्तेमाल
कसया (कुशीनगर)। अयोध्या में बनने वाले भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में कुशीनगर की पवित्र मिट्टी भी इस्तेमाल की जाएगी। जिले के नौ मंदिर व मठों की पवित्र मिट्टी अलग-अलग कलशों में रखकर अयोध्या भेजी गई है। इसमें भगवान बुद्ध व महावीर की निर्वाण स्थली की मिट्टी भी शामिल है। कसया के श्रीराम जानकी मंदिर में इन मिट्टी भरे कलशों का पूजन हुआ।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष सीबी सिंह ने बताया कि कुशीनगर के महापरिनिर्वाण मंदिर, तुर्कपट्टी के सूर्य मंदिर, मैनपुर कोट के दुर्गा मंदिर, फाजिलनगर के जैन मंदिर, कुबेरस्थान के शिव मंदिर, खनवार के दुर्गा मंदिर, श्रीरामजानकी मठ कसया, सिधुआं के सिद्धनाथ बाबा मंदिर तथा विश्व सनातन मंदिर रामकोला की मिट्टी शामिल है। बुधवार दोपहर बाद इन धर्मस्थलों की पवित्र मिट्टी वैदिक रीति-रिवाज से वहां के धर्माचार्यों की देखरेख में विहिप के पदाधिकारी लेकर श्रीराम जानकी मठ कसया पहुंचे। यहां मंदिर में भगवान श्रीराम दरबार के सामने रखकर पुजारी देवनारायण शरण दास ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। तत्पश्चात मिट्टी से भरे तांबे व पीतल के कलशों को विहिप के प्रांतीय मिलन प्रमुख दुर्गेश प्रताप राव को सौंपा गया। कलश के ऊपर मंदिर व मठ का नाम अंकित है। भगवा कपड़े में सभी कलश रक्षा सूत्र से बंधे थे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पवित्र मिट्टी से भरे धातु कलशों को विहिप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रधानमंत्री की तरफ से नामित श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य चंपत राय को सौंपा जाएगा। बृहस्पतिवार को यह पवित्र मिट्टी अयोध्या पहुंच जाएगी। इस मौके पर महंत त्रिभुवन शरण दास, दीपक अग्रवाल, जिला मंत्री विनय त्रिपाठी, प्रांतीय संगठन मंत्री प्रदीप, सतीश सिंह, अनुज, धीरेंद्र राय, ओमप्रकाश गुप्ता, हियुवा जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा, ग्राम प्रधान सतीश कुमार गुप्ता, सुरेश प्रसाद गुप्त आदि मौजूद रहे।