कसया। किसानों की दुर्दशा के लिए पूर्ववर्ती सरकारें जिम्मेदार हैं। तब सत्ता में रही पार्टियों ने केवल किसानों के मदद के लिए बातें की, उन्हें जमीन पर उतारने का प्रयास नहीं किया। वर्तमान केंद्र सरकार देश के किसानों के हित के लिए पूरी तरह संकल्पित है। किसानों की भलाई के लिए कई लाभकारी योजनाएं शुरू की गई हैं।
ये बातें शनिवार को गोपालगढ़ तिराहे पर पहुंचे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत के दौरान कहीं। मंत्री ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों के भलाई के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम कर रही है। सरकार ने कृषि और किसानों के कल्याण के लिए 15809 करोड़ के प्रस्तावित बजट की जगह 35,984 करोड़ रुपये का बजट तय कर दिया है।
किसानों के सीधे मदद के लिए फसल बीमा योजना समेत कई अन्य कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार अब तक के कार्यकाल में देश के दो करोड़ किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड मुहैया करा चुकी है।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही, रामअशीष राय, विधि प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, डॉ. अनिल सिन्हा, डॉ. टीएन राव, मारकंडेय शाही, अमित पांडेय, अशोक मिश्र, संतोष सिंह, सुनील दुबे, रामविलास आदि मौजूद रहे।