गुरवलिया बाजार। फाजिलनगर में फ्लाईओवर निर्माण से एक किमी के दायरे में यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। निर्माण के चलते यहां सड़क संकरी, हाईवे पर वाहनों के सवारियां भरने, बाजार में बेतरतीब वाहनों के खड़े होने व सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। यह हालात तब हैं जब निर्माण स्थल के पास ही पुलिस की चौकियां हैं लेकिन जाम के दौरान कोई पुलिसकर्मी नहीं दिखाई देता है। निर्माण व प्रशासन की अनदेखी के चलते शुक्रवार को दिनभर फाजिलनगर कस्बे में जाम की स्थिति बनी रही।
सुविधा के लिए बनाए जा रहे फ्लाईओवर से भविष्य में यातायात व्यवस्था को बेहतर होने की उम्मीद है लेकिन वर्तमान में उचित ट्रैफिक प्रबंधन नहीं होने के चलते बाजार व हाईवे पर जाम लग रहा है। हाईवे से लेकर सर्विस रोड व दुकानों के सामने वाहनों का बेतरतीब ढंग से खड़ा किए जाने से राहगीरों को परेशानी के साथ जाम लग रहा है। यातायात नियमों की अवहेलना करते हुए टेंपो और ई-रिक्शा चालक हाईवे व सड़क के किनारे गाड़ी खड़ी कर सवारियां भरने लग रहे हैं। इससे भी आवागमन में परेशानी हो रही है।
एनएचएआई की तरफ से फ्लाईओवर निर्माण के लिए सर्विस लेने के किनारे जल निकासी के लिए नाला व गड्ढे खोद दिए हैं, जहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। दुकानदारों का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था, वाहन पार्किंग की उचित बंदोबस्त कर दिया जाए तो कोई परेशानी नहीं होगी।
00000
दुकानदार बोले:-
फ्लाईओवर निर्माण से फायदा होगा, फिलहाल निर्माण की सुस्त गति व सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से तकलीफ हो रही है। -निरंजन सिंह, दुकानदार
00000
पार्किंग का बंदोबस्त नहीं है। हाईवे पर ही सवारियां भरी जा रही हैं। पार्किंग व स्टैंड का बंदोबस्त हो जाए तो जाम नहीं लगेगा। -दीपक कुमार सिंह, सठियांव
00000
फाजिलनगर कस्बे में जाम लगने की जानकारी मिल रही है। यातायात व्यवस्था सुगम हो पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस प्रशासन हर हाल में मिल रही जाम की समस्या को दूर करवाने का प्रयास करेगी। -जयंत यादव, सीओ तमकुहीराज
00000
फाजिलनगर में फ्लाईओवर निर्माण व लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए दौरा कर जायजा लिया गया है। विभागों से समन्वय स्थापित कर निजात दिलाए जाने की कोशिश की जाएगी। इसमें कस्बे के लोगों को भी सहयोग देना होगा। -डॉ. संतराज सिंह बघेल, एसडीएम, कसया
00000
छोटे ओवरब्रिज के पास सड़क पर बने पार्किंग के वजह से लग रहा जाम।संवाद