तमकुहीरोड। कप्तानगंज-थावे रूट पर गोरखपुर कैंट-सिवान-गोरखपुर कैंट और कप्तानगंज-थावे-कप्तानगंज तक पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बृहस्पतिवार से शुरू हो जाएगा। ये दोनों ट्रेन कोहरे के चलते 26 जनवरी से पांच फरवरी तक निरस्त कर दी गई थीं। इसका संचालन फिर से शुरू होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे ने कोहरे के चलते गोरखपुर कैंट-सिवान-गोरखपुर कैंट 55035/55036 पैसेंजर और कप्तानगंज-थावे-कप्तानगंज 55107/ 55108 पैसेंजर ट्रेन का संचालन 26 जनवरी से पांच फरवरी तक के लिए निरस्त कर दिया था। इससे रूट के यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई थीं। अब इनका संचालन बृहस्पतिवार से पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार शुरू हो जाएगा। इससे थावे, नरकटिया बाजार, सासामुसा, सिपाया, जलालपुर, तिनफेड़ीया, तरयासुजान, गौरीश्रीराम, दुदही, कठकुइया, चाफ, पडरौना आदि स्टेशनों से यात्रा करने में लोगों सहूलियत होगी। क्षेत्र के धनेश यादव, राहुल सोनी, ध्रुव निषाद, दिवाकर दत्त आदि का कहना है कि ट्रेनें इस रूट की लाइफ लाइन है। इन ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रा प्रभावित हो रही थी।