-चार माह पूर्व पीटकर की गई थी हत्या, फरार आरोपी दे रहे धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। युवक की हत्या के चार आरोपियों को पुलिस चार माह बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पीड़ित पिता ने डीएम को शिकायती पत्र देकर हनुमानगंज थानाध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि आरोपी पीड़ित परिवार पर सुलह के लिए दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के हनुमानगंज गांव के गंगवाछपरा टोला निवासी इंद्रजीत चौहान के बेटे राजेश की फरवरी में गांव के कुछ लोगों ने पीटकर हत्या कर दी थी। गांव में शव रखकर लोगों ने प्रदर्शन भी किया था। हत्या का केस दर्ज होने के बाद परिजनों ने दाह संस्कार किया। पुलिस इस मामले में नौ लोगों पर हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। इंद्रजीत का आरोप है कि पुलिस अब तक सिर्फ पांच हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर सकी है। बाकी चार आरोप खुलेआम घूम रहे हैं और मुकदमा सुलह नहीं करने पर पूरे परिवार की हत्या की धमकी दे रहे हैं। शिकायत के बाद भी पुलिस नहीं सुन रही है। डीएम ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।