कसया। क्षेत्र के चिरगोड़ा का धनंजय पटेल साइबर ठगी का शिकार हो गया। साइबर अपराधियों ने व्हाट्सएप पर लिंक के माध्यम से मोबाइल फोन हैक कर लिया और उसके खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर सेल से रकम वापस कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
धनंजय पटेल ने प्रार्थना पत्र में बताया कि 16 जुलाई को उनके व्हाट्सएप पर संदेश प्राप्त हुआ। संदेश को सही समझकर उन्होंने उस पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उनका मोबाइल फोन साइबर अपराधियों के नियंत्रण में चला गया। आरोप है कि एसबीआई की कुशीनगर शाखा में उनके खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना 90 हजार रुपये अज्ञात व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित कर दिए गए। पीड़ित ने बताया कि संबंधित लेन-देन का यूटीआर नंबर भी उपलब्ध है और वह संबंधित व्यक्ति को नहीं जानते हैं।
धनंजय पटेल ने साइबर सेल से मामले की तत्काल जांच कर संबंधित खाते को चिन्हित करते हुए धनराशि वापस दिलाने और साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।