सतर्कता व सजगता हर संकट का समाधान
मेगा मॉक एक्सरसाइज के जरिए लोगों को आपदा से बचाने की दी गई सीख
तमकुहीरोड। एपी बांध के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र रकबा जंगलीपट्टी में बृहस्पतिवार को जिला आपदा समिति और एसडीआरएफ ने मेगा मॉक एक्सरसाइज कर लोगों को अहसास कराया कि सतर्कता व सजगता हर संकट का समाधान है। बस धैर्य नहीं खोना है। इस दौरान बाढ़ से निपटने की जानकारी दी गई।
सबसे पहले बाढ़ के चलते डूब रहे लोगों को बचाने का अभ्यास किया गया। डूब रहे कुछ लोगों के पास रेस्क्यू टीम पहुंचती है, उन्हें बाहर निकालती है और बेहोश व्यक्ति को स्ट्रेचर पर अस्पताल पहुंचाया जाता है। डॉक्टर मुस्तैदी से उसका इलाज करते हैं। इसके पश्चात सर्प दंश, जल जनित बीमारियों से बचाव और गैस सिलिंडर में आग लगने समेत विभिन्न आपदाओं से निपटने की तरकीब का प्रदर्शन किया गया। डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह ने ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा के लिहाज से जिला प्रशासन ने पिपराघाट से अहिरौलीदान के बीच बाढ़ शरणालय, पशु शरणालय, बाढ़ राहत केंद्र, चिकित्सा केंद्र, पुलिस सुरक्षा केंद्र आदि जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने लोगों से बाढ़ के दौरान सतर्कता व सजगता बरतने की सलाह दी। आश्वस्त किया कि प्रशासन और पुलिस हर समय सहायता के लिए तत्पर है। किसी भी परिस्थिति में घबड़ाने की जरूरत नहीं है। एसपी राजीव नारायण मिश्र, एडीएम विंध्यवासिनी राय, एसडीएम तमकुहीराज अरविंद कुमार, सीओ राणा महेंद्र प्रताप सिंह, आपदा विशेषज्ञ रविप्रताप राय, राज्य आपदा मोचन बल के इंस्पेक्टर नीतीश शुक्ला आदि ने भी संबोधित किया और बाढ़ प्रभावित लोगों में सुरक्षा का एहसास दिलाते हुए बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय सुझाए। बाढ़ खंड के एक्सईएन भरतराम, सहायक अभियंता पीसी त्रिपाठी, लोक निर्माण विभाग के एई संतोष विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार राधेश्याम उपाध्याय, बीडीओ शेषबहादुर सरोज, एसओ सेवरही धर्मेंद्र सिंह, एसओ तरयासुजान सुशील कुमार शुक्ला, राजस्व निरीक्षक रामकंवल सिंह, ग्राम प्रधान बूटाई निषाद, भाजपा नेता जेके सिंह, राजस्व निरीक्षक नकछेद साह, लेखपाल अशोक वर्मा, जयंत गुप्ता, अश्विनी राय, विनोद प्रसाद, विजय प्रकाश मिश्र, जयनाथ शर्मा, सुरेश गुप्ता, विनोद गौतम, धर्मेंद्र प्रजापति, बृजेश गौतम, राम गोविंद, हरिशंकर सिंह, रमेश यादव, दीपू जायसवाल आदि मौजूद रहे।
बहाव में फंसी मोटर बोट, फिसलकर गिरे सीओ
तमकुहीरोड। रकबा जंगलीपट्टी में बृहस्पतिवार को मेगा मॉक एक्सरसाइज के दौरान जब एसडीम तमकुहीराज व सीओ तमकुहीराज वाली रेस्क्यू मोटर बोट और एसडीआरएफ की नावे बाढ़ में फंसे लोगो को बचाने जा रही थी, उसी समय मोटरबोट नदी की तेज बहाव की चपेट में आ गया। बोट का इंजन बंद हो गया और मोटरबोट बहाव के साथ बहने लगा। थोड़ी ही देर में एसडीआरएफ की दो नावें मोटरबोट के पास पहुंच गईं और रस्सी के सहारे उसे किनारे लाया गया। यही नहीं मोटरबोट से उतरते समय सीओ तमकुहीराज फिसल कर नदी में गिर पड़े, जिन्हें एसडीआरएफ टीम ने बाहर निकाला।