लोटन। ब्लॉक के नेपाल बॉर्डर के सटे ठोठरी बाजार में दुकानदारों की ओर से किए अतिक्रमण से आए दिन दुर्घटना होने के साथ जनता को आने-जाने में असुविधा हो रही है। क्षेत्र के तमाम नागरिकाें का कहना है कि अगर एक सप्ताह के अंदर अतिक्रमण नहीं हटा तो चक्का जाम किया जाएगा।
ठोठरी बाजार नेपाल नागरिकों सहित भारतीय लोगों का मुख्य बाजार है। यहां दुकानों पर भीड़ लगी रहती है। बाजार करने वाले सड़क पर ही एक तरफ बाइक खड़ा कर सामान खरीदते हैं।
वहीं दूसरी तरफ दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया जाता है। इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस प्रशासन सब कुछ जानते हुए कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।
छह माह पहले अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान के बाद कुछ समय तक सुधार दिखा, लेकिन अब हालात पहले से भी बदतर हो गए हैं। सड़कों पर फैले अतिक्रमण से रास्ता चलना दूभर हो गया।
स्थानीय बाजार के बब्लू पांडेय, अर्जुन मिश्र, वेद प्रकाश, पवन पांडेय, जमाल, प्रदीप गुप्ता, सुनील गुप्ता, शिवकुमार सहित तमाम लोगों कहा कि ई-रिक्शों की बढ़ती संख्या और दुकानदारों द्वारा बढ़ते अतिक्रमण पर अंकुश न लगने से जाम की समस्या को और विकराल हो गई है। लोगों का कहना है कि अगर एक सप्ताह के अंदर अतिक्रमण नहीं हटवाया गया तो चक्का जाम किया जाएगा।
थानाध्यक्ष लोटन डीके सरोज का कहना है कि अतिक्रमण को लेकर एसडीएम महोदय को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जाएगा। ठोठरी बाजार में यातायात व्यवस्था जल्द ही सुगम करा दी जाएगी।ए