हत्या का खुलासा न होने से नाराज व्यापारियों ने बंद रखीं दुकानें
फाजिलनगर (कुशीनगर)। नरायनपुर कोठी में छह जून को सराफा व्यवसायी की गला काटकर हुई हत्या का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। इस घटना के खुलासे के लिए कांग्रेस धरना दे रही है। वहीं, हत्यारे की गिरफ्तारी और धरना के समर्थन में बाजार के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर नाराजगी व्यक्त की।
सराफा व्यवसायी के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए धरना-प्रदर्शन के बावजूद पुलिस प्रशासन इस मामले में सक्रिय नहीं दिख रहा है। इधर, 23 जून से ही पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता नरायपुर कोठी में धरना दे रहे हैं। हत्या का खुलासा और उसके लिए चल रहे धरना के समर्थन में सोमवार को व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं।
धरना और बाजार बंदी के दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व्यास ओझा, कांग्रेस नेता मनोज सिंह, नौशाद राजा, ब्लॉक अध्यक्ष तारकेश्वर सिंह, पलटन यादव, जीउत कुशवाहा, रमेश गुप्ता, भोला सिंह कुशवाहा, संजय कुशवाहा, अलाउद्दीन सिद्धीकी, पवन कुशवाहा आदि मौजूद थे।