यूरिया लेने के लिए समितियों पर उमड़ रही भीड़
पडरौना। बारिश के बाद यूरिया लेने के लिए साधन सहकारी समितियों पर रोजाना भीड़ उमड़ रही है। व्यवस्था बनाने के लिए एक आधार कार्ड पर किसानों को तीन बोरी खाद ही मिल पा रही है। भीड़ की वजह से पर्ची बनवाने से खाद लेने तक में किसानों का एक पूरा दिन बीतजा रहा है।
साधन सहकारी समितियों पर खाद 260 रुपये प्रति बोरी की दर से मिल रही है। बाजार में इसकी कीमत सौ रुपये ज्यादा 360 रुपये है। इसलिए किसान सरकारी केंद्रों पर ही खाद लेने पहुंच रहे हैं। हालत यह है कि सुबह ही समितियों पर पहुंचकर लोग लाइन में लग जाते हैं। खाद लेकर घर पहुंचते-पहुंचते शाम हो जाती है।
नगर के सुबाष चौक स्थित इफको केंद्र पर खाद के लिए सुबह से ही लंबी लाइन लगी हुई थी। खाद लेने पहुंचे लोगों ने बताया कि आधार पंजीकरण के बाद खाद मिल रही है। किसानों ने बताया कि रविवार तक आधार कार्ड पर पांच बोरी यूरिया मिल रही थी। लेकिन सोमवार को तीन बोरी यूरिया ही मिल पाई। किसानों का कहना है कि सभी केंद्रों पर भरपूर मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
दो दिनों से नहीं मिली खाद
कप्तानगंज प्रतिनिधि के अनुसार किसान सेवा सहकारी समिति पर दो दिनों से खाद न मिलने के कारण किसान परेशान हैं। शनिवार की दोपहर ही गोदाम पर खाद खत्म हो गई। सोमवार को तीसरे दिन भी खाद उपलब्ध नहीं हो सकी। इस चक्कर में लोगों को बाजार में जाकर खाद की बोरी लेनी पड़ रही है। किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड के सचिव जय सिंह ने बताया कि शनिवार शाम को यूरिया समाप्त हो गई है। मंगलवार को यूरिया आने की उम्मीद है।
कोट
अचानक खाद की मांग बढ़ने से समितियों पर भीड़ बढ़ी है। जिले में यूरिया खाद की कमी नहीं है। भरपूर मात्रा में खाद उपलब्ध कराई गई थी। जल्द ही रैक आ रही है।
-डॉ. बीआर मौर्या, प्रभारी जिला कृषि अधिकारी