पटहेरवा/उजारनाथ। क्षेत्र के करमैनी चौराहा स्थित एक जूता-चप्पल की दुकान में बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे आग लग गई। इससे दुकान में रखा करीब तीन लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दुकान में आग लगाने की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के करमैनी बाजार निवासी लियाकत हुसैन गांव के चौराहे पर जूता-चप्पल की दुकान है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम दुकान बंद कर घर चले गए। रात करीब एक बजे बगल के लोगों ने दुकान में आग लगने की सूचना दी तो दुकान पहुंचे और अगल-बगल के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। लेकिन, उसमें रखे करीब तीन लाख का सामान और दुकान में रखी नकदी जलकर नष्ट हो गई। सूचना पर हल्का लेखपाल जावेद अख्तर ने मौके पर पहुंच क्षति का आकलन किया। पीड़ित दुकानदार ने पटहेरवा पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात लोगों पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। एसएचओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि आगजनी की सूचना मिली है। मामले की जांच कर कर्रवाई की जाएगी। संवाद