तमकुहीरोड। सुमही संतपट्टी गांव के पास से गुजरने वाली सेवरही माइनर को बृहस्पतिवार की देर रात किसी ने दूसरी बार काट दिया। इससे कस्बे के महाबीर नगर की सड़क के अलावा आसपास के खेतों में पानी भर गया। बुधवार की रात किसी ने नहर को दो जगहों पर काट दिया था।
सेवरही माइनर पकड़ीयार पूरबपट्टी और सुमही संतपट्टी से होकर गुजरती है। बुधवार की रात में किसी ने सेवरही माइनर को सुमही संतपट्टी गांव के पास दो जगह पर काट दिया। इससे सुबह तक आसपास के खेतों में पानी भर गया। बृहस्पतिवार को सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने उसकी मरम्मत कराई थी। बृहस्पतिवार की रात में भी किसी ने नहर को दूसरी बार काट कर छोड़ दिया। इससे महाबीर नगर की सड़क और आसपास के खेतों में पानी भर गया। इसकी सूचना पर पहुंचे जेई संदीप चौरसिया ने नहर के टूटे हिस्से की मरम्मत कराई। सिंचाई विभाग के एसडीओ शमशाद अहमद का कहना है कि नहर के टूटे हिस्से की मरम्मत करा दी गई है। नहर का बांध काटने वाले को चिह्नित किया जा रहा है।