जानकीनगर। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के गांव सखवनिया बुजुर्ग टोला शिवराजपुर में सोमवार को करंट लगने से सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बेटे की मौत की सूचना पाकर अस्पताल जा रहे पिता भी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।
शिवराजपुर निवासी कृष्णा प्रसाद का सात वर्षीय पुत्र यश कुमार घर में पैडेस्टल फैन की सफाई कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे गंभीर हालात में मेडिकल कालेज रविंद्रनगर ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे को करंट लगने और अस्पताल ले जाने की सूचना मिलने पर उसके पिता कृष्णा प्रसाद बाइक से मेडिकल कालेज रविंद्रनगर जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर कसया थाना क्षेत्र के सेमरा पुल पर ट्रक से टकरा गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
कुबेरस्थान एसएचओ हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि गांव में पुलिस भेजी गई है। शव घर वालों के पास है। बालक के पिता अस्पताल में हैं। परिजन अगर पोस्टमार्टम कराने के लिए कहेंगे तो कराया जाएगा। नहीं तो शव का दाह संस्कार करा दिया जाएगा।