पकवा इनार। श्रीलंका बुद्ध विहार में बुधवार को सात दिवसीय श्रामणेर प्रवज्जा व प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। इसमें विहार के प्रभारी भिक्षु डाॅ. नंद रतन का जन्मदिन भी मनाया गया। इस दौरान कई कार्यक्रम भी किए गए।
सात दिवसीय श्रामणेर प्रवज्जा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ सुबह सात बजे विहार में महात्मा बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष विशेष पूजा-अर्चना कर किया गया। प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने वाले को महात्मा बुद्ध के पंचशील और अष्टांगिक मार्ग की बारीकियां बताई जाएंगी।
कार्यक्रम के संरक्षक अशोक सोशल वेलफेयर सोसाइटी की तरफ से आयोजित विविध कार्यक्रमों में 10 बजे से चार बजे तक निशुल्क चिकित्सा शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर समेत अन्य बीमारियों की जांच कर 83 लोगों को उचित सलाह और दवाएं दी गई। रक्तदान शिविर के अलावा बौद्ध भिक्षुओं में भोजन दान का कार्यक्रम भी हुआ। नई दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान की अगुवाई में हिरण्यवती नदी के बुद्धा घाट पर विविध प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
इस दौरान डाॅ. निगम मौर्य, भिक्षु आलोक, भिक्षु तेजेंद्र भिक्षु विनय कीर्ति, शंभू, ब्रजेश, सत्यनारायण, अजय कुशवाहा, पुरुषोत्तम कुशवाहा, डाॅ. शंभू दयाल, डाॅ. हरिओम मिश्र, ब्रह्माशंकर, राम अधार, बृजेश, उमा कुशवाहा, राजकुमारी, रमावती, संगीता कुशवाहा आदि मौजूद रहे।