संकट के समय आत्मविश्वास ही सबसे बड़ा हथियार
अमर उजाला की मुहिम अपराजिता के तहत सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कालेज रामकोला में पुलिस की पाठशाला आयोजित
महिला एसओ व रामकोला थाने के एसआई ने दी कानूनी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
रामकोला (कुशीनगर)। अमर उजाला की मुहिम अपराजिता के तहत शनिवार को रामकोला के सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कालेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। संकट के समय आत्मविश्वास को ही सबसे बड़ा हथियार बताते हुए महिला थाने की एसओ और रामकोला थाने के एसआई ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनी पहलुओं की जानकारी दी।
महिला थाना पडरौना की एसओ विभा पांडेय ने कहा कि लड़कियों व महिलाओं को यौन हिंसा व घरेलू हिंसा से बचाने के लिए कई कानून बने हुए हैं। ऐसे मामलों में त्वरित सहायता के लिए डॉयल 100, 181 व 1090 टोल फ्री नंबरों की भी मदद ली जा सकती है। सरकार और पुलिस प्रशासन महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार के मामलों में कार्रवाई के लिए पूरी तत्परता व संवेदनशीलता बरतती है। परंतु महिलाओं की वास्तविक स्तर पर सुरक्षा तभी संभव है जब वे खुद जागरूक रहें और अपना आत्मबल मजबूत करें। उन्होंने कहा कि कभी भी आपातकाल में केवल आपका आत्म विश्वास ही मदद करता है। इसलिए महिलाएं या छात्राएं खुद को कभी कमजोर न समझें और अपने साथ होने वाले अन्याय का प्रतिकार करना सीखें।
रामकोला थाने के एसआई नियाज अहमद ने कहा कि मनचलों पर कार्रवाई के लिए पुलिस की एंटी रोमियो टीम लगाकर सक्रिय रहती है। छात्राओं को स्कूल आते-जाते वक्त कभी कोई दिक्कत हो तो तुरंत पुलिस की मदद लें। इसके अलावा हर छोटी से छोटी घटना को गंभीरता से लें और अपने गार्जियन तथा स्कूल के अध्यापकों से इसकी चर्चा जरूर करें। पहले से बरती गई सतर्कता बड़े घटनाओं को रोकने में मददगार होती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार चौरसिया ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार जताया। संचालन अशफाक अहमद ने किया। इस दौरान प्रबंध संचालक राजीव कुमार मल्ल, वाल्मीकि प्रताप दूबे, गेंदा प्रसाद यादव, जितेंद्र कुमार, उपेंद्र कुमार, कमलेश यादव, कमलेश कुमार सिंह, मुन्नीलाल शर्मा, छेदी प्रसाद, ओमप्रकाश सिंह, सुरेश प्रसाद, रामप्रताप, विजेंद्र कुमार सिंह, अरुण कुमार, जगत नरायन, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, रवि प्रताप समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
लाभदायक साबित होगी कानूनी जानकारी
छात्रा करीना चौधरी ने कहा कि पुलिस की पाठशाला में कई नई कानूनी जानकारी मिली। इसका भविष्य में भी मुझे लाभ मिलेगा। यहां से मिली जानकारी को अपने घर व पड़ोसी की महिलाओं से भी साझा करेंगी। सुनीता गुप्ता ने कहा कि छात्राओं को अभी भी तमाम समस्याओं से जूझना पड़ता है। यहां 1090 जैसे टोल फ्री नंबर की जानकारी मिली। इससे बिना अपनी पहचान उजागर हुए ही परेशान करने वालों को सबक सिखाया जा सकता है। प्रियंका गौड़ ने कहा कि अमर उजाला की यह मुहिम सामाजिक बदलाव के लिए जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम में शामिल होने से ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों को बहुत फायदा मिला है। प्रीति यादव ने कहा कि सरकार ने लड़कियों की सुरक्षा के लिए जो कानून बनाए हैं उसकी जानकारी इस कार्यक्रम में शामिल होकर मिली है। इससे सभी लड़कियों को बड़ा फायदा पहुंचा है।