जटहां बाजार। विशुनपुरा ब्लॉक के हिरनही गांव में सोमवार की दोपहर में एडीएम और पुलिस की मौजूदगी में कोटे की दुकान का चयन कर लिया गया, हालांकि तीन प्रत्याशियों और कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की और बैठक का बहिष्कार किया। हंगामा देख वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने लोगों को खदेड़ा। बाद में एडीएम ने गांव वालों की संख्या के आधार पर कोटे की दुकान का चयन किया।
विशुनपुरा ब्लॉक के हिरनही गांव में डीएम आंद्रा वामसी ने आबादी के हिसाब कोटा चयन का निर्देश दिया था। पिछले सप्ताह हुई खुली बैठक में हंगामा के चलते चयन प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाई थी। सोमवार की दोपहर में फिर चयन के लिए बैठक बुलाई गई थी। गांव के पंचायत भवन पर एडीएम न्यायिक साहब लाल, नायब तहसीलदार, एडीओ आईएसबी मुरली मनोहर मिश्र, ग्राम प्रधान अतहर हुसैन, सचिव जियाउर्रहमान, एसओ जटहां बाजार सत्येंद्र कुंवर आदि की मौजूदगी में बैठक शुरू हुई।
इस दुकान के लिए लिए चार दावेदार सामने आए। तीन प्रत्याशियों में धर्मराज, अब्बास और रामअवध यादव ने मतदान के जरिए दुकान चयन की मांग की, लेकिन एडीएम ने उनकी मांग को नहीं माना। इससे नाराज तीन दावदारों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मामला बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने विरोध कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ा। एडीएम ने वहां मौजूद गांव के लोगों की संख्या के आधार पर दुकान चयन की बात कही। वहां मौजूद लोगों ने बबलू कुशवाहा के पक्ष में समर्थन दिया। एडीएम ने दुकान चयन की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए बबलू कुशवाहा को दुकान आवंटित कर दिया।