पडरौना। जिले के वित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से हिंदी और अंग्रेजी विषय के करीब 98 शिक्षकों की तैनाती की गई है। इससे लंबे समय से प्रभावित पढ़ाई को गति मिलने की उम्मीद है।
जिले में 55 वित्तपोषित माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें कई विद्यालयों में हिंदी और अंग्रेजी विषय के शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त चल रहे थे। इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा था। कहीं शिक्षकों को अतिरिक्त कक्षाएं लेकर पाठ्यक्रम पूरा कराना पड़ रहा था तो कहीं दूसरे विषयों के शिक्षकों पर भी अतिरिक्त जिम्मेदारी थी।
ऐसे में आयोग की ओर से करीब 98 शिक्षकों की तैनाती विद्यालयों के लिए राहत भरी है। नए शिक्षकों के आने से विद्यार्थियों को विषयवार नियमित पढ़ाई का अवसर मिलेगा। खासकर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
हिंदी और अंग्रेजी दोनों विषय परीक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की उपलब्धता से पाठ्यक्रम समय से पूरा कराने के साथ ही विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करने में भी मदद मिलेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि नए शिक्षकों के आने से विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता में सुधार होगा।
शिक्षकों की कमी के कारण प्रभावित शैक्षणिक गतिविधियों को गति मिलेगी। विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती के बाद पढ़ाई की व्यवस्था और बेहतर होगी।