पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया ब्लाक परिसर में बुधवार को एक गांव के प्रधान प्रतिनिधि और सचिव एक परियोजना के भुगतान को लेकर हाथापाई करने लगे। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे का शर्ट फाड़ दिया। विवाद के चलते ब्लाक कार्यालय में अफरातफरी मच गई। सूत्रों की मानें तो कमीशन के चक्कर में परियोजना के भुगतान को लेकर कई दिनों से दोनों लोगों के बीच तनातनी चल रही थी। ग्राम पंचायत हरपुर माफी के प्रधान प्रतिनिधि हरिश्चंद्र पासवान ब्लाक मुख्यालय पर ग्राम पंचायत से एक सीसी रोड के लंबित भुगतान को लेकर सचिव के पास पहुंचकर उनसे वार्ता कर थे। सचिव ने परियोजना से जुड़ा अभिलेख मांगा। इस पर प्रधान प्रतिनिधि आग-बबूला हो गए। बात इतनी बिगड़ गई कि तू-तू, मैं-मैं के बाद हाथापाई हो गई।
यह देख लोग बीच बचाव के लिए दौड़े तब तक सचिव और प्रधान प्रतिनिधि एक दूसरे का शर्ट फाड़कर कमरे से एक दूसरे को बाहर खींच रहे थे। लौकरिया के प्रधान उमेश कुशवाहा ने किसी तरह बीच-बचाव किया।
मामले की जानकारी होने पर पहुंचे प्रमुख प्रतिनिधि शेषनाथ यादव ने प्रधान और सचिव को अपने कार्यालय में बैठाकर विवाद शांत करने के लिए समझाया। उन्होंने इस घटना को पद की गरिमा के खिलाफ बताया। वहीं प्रधान प्रतिनिधि की सूचना पर गांव के लोग पहुंच गए।
विवाद को बचाने के लिए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने ब्लॉक का गेट बंद करा दिया। हरिश्चंद्र पासवान ने आरोप लगाया कि सचिव गांव के हर विकास कार्य के भुगतान में अनाधिकृत रूप से कमीशन की मांग करते हैं। शर्त न मानने पर भुगतान में अड़ंगा लगाते हैं। प्रधान प्रतिनिधि ने घटना से आहत होकर प्रधान पद से पत्नी का इस्तीफा दिलवाने की बात कही। वहीं सचिव अवनीश त्रिपाठी ने कहा कि बगैर किसी अभिलेख के ही मनमानी तरीके से प्रधान प्रतिनिधि कार्य पूर्ण करा नियम विरुद्ध तरीके से भुगतान का दबाव बना रहे थे और मुझसे मारपीट किए।