फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: गैस सिलिंडर के लिए शहर से ग्रामीण इलाकों तक मारामारी

Mon, 16 Mar 2026 12:55 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
लक्ष्मीगंज में गैस सिलेंडर के लिए लगी उपभोक्ताओं की भीड़।संवाद
विज्ञापन
पडरौना। जिले में इन दिनों रसोई गैस के लिए के लिए मारामारी है। ग्रामीण से लेकर शहर तक की गैस एजेंसियों पर भोर में चार बजे से ही उपभोक्ताओं की भीड़ जुट रही है। सिलिंडर कम और उपभोक्ता ज्यादा होने से अफरा-तफरी का माहौल है। वहीं, सर्वर की सुस्ती ने उपभोक्ताओं का पसीना छुड़ा दिया है। कनेक्शनधारकों को दिनभर कतार में खड़ा होना पड़ रहा है, तो रात में ऑनलाइन बुकिंग का सहारा लेना पड़ रहा है। उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंचता है, तो सर्वर डाउन होने के चलते खाली हाथ ही लौटना पड़ रहा है।
विज्ञापन

ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्र की गैस एजेंसियों पर सुबह होते ही लोगों की लंबी कतार लग जा रही हैं। घंटों इंतजार के बाद जब उनका नंबर आता है, तो वहां सर्वर नहीं चलने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया ज रहा है। ई-केवाईसी और अंगूठे के निशान के अनिवार्य होने के बाद से यह समस्या और गंभीर हो गई है।
लोगों का कहना है कि दिन में सर्वर पर अधिक लोड होने के चलते एप काम नहीं कर रहा है। वे मजबूरन देर रात या तड़के ऑनलाइन बुकिंग करने का प्रयास कर रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि डिजिटल इंडिया के दौर में उन्हें एक गैस सिलिंडर के लिए 24 घंटे मशक्कत करनी पड़ रही है। घंटों इंतजार के बाद उपभोक्ताओं को एजेंसियों से बिना गैस सिलिंडर के ही लौटना पड़ रहा है। जिले में पडरौना, हाटा, कसया, कप्तानगंज, खड्डा, सुकरौली, रामकोला सहित शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में संचालित गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस आपूर्ति के लिए लोगों का दबाव देखा जा रहा है।
विज्ञापन

जबकि जिला प्रशासन का दावा है कि रसोई गैस का कोई संकट व किल्लत नहीं है। इसके बावजूद,गैस एजेंसियों पर रसोई गैस के लिए उपभोक्ता इधर से उधर भटक रहे हैं।
कोट:-
गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु ढंग से बनाए रखने के लिए गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं। लगातार दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। गैस एजेंसी संचालकों को सुबह 7:0 बजे से गैस वितरण करने व डिलीवरी को लेकर एजेंसी के बाहर सूची चस्पा करने के लिए निर्देश दिए गए हैं, ताकि एजेंसियों पर वही उपभोक्ताओं मौजूद रहें, जिन्हें गैस की डिलीवरी होनी है। -कृष्ण गोपाल पांडेय, डीएसओ, कुशीनगर
00000
व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिलने से चाय विक्रेता परेशान
मथौली। स्थानीय चौराहा सहित रगड़गंज व लोहेपार चौराहे पर संचालित चाय के विक्रेता व्यावसायिक गैस की आपूर्ति नहीं होने से काफ परेशानी हैं। दुकानदारों का कहना है कि उनका कारोबार प्रभावित हुआ है। ग्राहकों को चाय सहित खाद्य सामान व पकवान बनाने में कठिनाई हो रही है। गैस संकट के बीच कई दुकानदार भट्ठी तैयार कर लिए हैं, पर उनका कहना है कि भट्ठी पर समय अधिक लग रहा है और इसके चलते तमाम ग्राहक वापस लौट जा रहे हैं। इससे उनका नुकसान हो रहा है। दुकानदारों ने प्रशासन से गैस दिलाए जाने की मांग की है।
0
डिलीवरी मैसेज के 12 दिन बाद मिली गैस
सुकरौली। क्षेत्र के रामपुर सोहरौना गांव में संचालित रामप्रसाद इंडेन गैस सर्विस पर रविवार की सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लग रही है। एजेंसी पर उपभोक्ता कतार में खड़े थे। पिपरा लालमन के अशोक कुमार ने बताया कि तीन मार्च को बुकिंग कराई थी। उनके मोबाइल पर बुकिंग के बाद डिलीवरी का भी मैसेज आ गया था। इसको लेकर वह काफी परेशान थे। कई दिनों से गैस के लिए एजेंसी पर पहुंच रहे थे लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पा रही थी। डिलीवरी मैसेज के 12 दिन बाद रविवार को एजेंसी से उन्हें किसी तरह गैस सिलिंडर मिल सका। मामले में गैस एजेंसी संचालक अन्नू ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के दौरान कभी-कभी सर्वर में दिक्कत के चलते इस तरह की समस्या सामने आती है। फिलहाल उपभोक्ताओं की सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। संवाद
आपूर्ति 350 की जगह पहुंचे रसोई गैस के 750 उपभोक्ता
गंगुआ बाजार। तमकुहीराज स्थित उमापति गैस एजेंसी पर रविवार को 750 रसोई गैस लेने के लिए उपभोक्ता पहुंच गए, जबकि यहां आपूर्ति सिर्फ 350 सिलिंडर की ही रही। इसलिए 400 उपभोक्ताओं को बिना गैस सिलिंडर के ही लौटना पड़ा। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कर्मी भी तैनात रहे। पुलिस की देखरेख में बुकिंग के दौरान डिलीवरी तिथि के मैसेज के आधार पर ही उपभोक्ताओं में सिलिंडर वितरित किया गया। गैस की किल्लत के चलते कस्बे के कई रेस्टोरेंटों में चाय और फास्ट फूड बनना बंद हो गयाहै। संवाद


- नहीं दिख रही पुलिस, पर्यवेक्षक भी नदारद
गुरवलिया बाजार। जिला प्रशासन व आपूर्ति विभाग गैस संकट के बीच कालाबाजारी व ओवररेटिंग को रोकने के लिए पुलिस व पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है,इसके बावजूद रविवार को क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान एजेंसियों पर तैनात हुए पुलिस व पर्यवेक्षक नहीं दिखाई दिए,जबकि एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की काफी भीड़ लगी रही।
फाजिलनगर क्षेत्र में चंपा इंडेन गैस एजेंसी व सिंह इंडेन गैस एजेंसी पर रविवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलिंडर रखकर बारी का इंतजार करते रहे। यहां तैनात पुलिस कर्मी व पर्यवेक्षक मौजूद नहीं थे। संपर्क करने पर पता चला कि तैनात कर्मचारी एसआईआर (विशेष पुनरीक्षण) की ड्यूटी में लगे हैं। इसलिए गैस एजेंसियों पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। उधर, उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलिंडर के लिए सुबह से कतार लगानी पड़ रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने व्यवस्था तो बनाई, लेकिन तैनात कर्मियों के नहीं होने से व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

लक्ष्मीगंज में गैस सिलेंडर के लिए लगी उपभोक्ताओं की भीड़।संवाद

लक्ष्मीगंज में गैस सिलेंडर के लिए लगी उपभोक्ताओं की भीड़।संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें