दुदही/तिवारीपट्टी। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही सेवरही मार्ग पर कतौरा गांव के सामने बुधवार को दिन में करीब 11.30बजे आम तोड़ कर भाग रहे बच्चे को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित स्कॉर्पियो पलट गया। इसमें छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को दुदही सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने चार लोगों की हालत गंभीर बताकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बरवापट्टी थाना क्षेत्र रामपुर बरहन के लक्ष्मीपुर गुलाब निवासी के घर के लोग गोडरिया लड़के की पुजाई कार्यक्रम में जा रहे थे। अभी दुदही सेवरही मार्ग पर कतौरा गांव के सामने पहुंचे थे। तभी अचानक सड़क के किनारे आम तोड़ रहे बच्चे को बचाने के चक्कर में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमे चालक अवध यादव (28), सदरून निशा (55), गुलाब (58), मतिरन (45),आशियाना (32), मंटू (25) और आजाद (20) शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही विशुनपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। घायलों को तत्काल दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदरून नशा, गुलाब, और मतिरुन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज दुदही स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब स्कॉर्पियो चालक ने सड़क किनारे अचानक आए बच्चे को बचाने की कोशिश की, जिससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है!