गुरवलिया बाजार। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के मईहरवा से तुर्कपट्टी के रास्ते लवकुश जा रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो किशुनदेवपट्टी गांव के समीप रविवार की आधी रात करीब 12 बजे चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर पलट गई। सीट बेल्ट पहने होने से स्कॉर्पियो का एयरबैग खुल गया। इससे सवार सभी सुरक्षित बच गए। वहीं, इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रात का वक्त होने के नाते यातायात प्रभावित तो नहीं हुआ, लेकिन तेज आवाज के कारण आसपास के घरों के लोगों की नींद खुल गई और वे मौके पर पहुंच गए।
रविवार की रात करीब 12 बजे लवकुश पूरबपट्टी निवासी नौशाद अंसारी विशुनपुरा क्षेत्र के मईहरवा से एक मांगलिक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद दुदही और तुर्कपट्टी के रास्ते अपने घर स्कॉर्पियो से जा रहे थे। नौशाद तुर्कपट्टी-फाजिलनगर मार्ग पर किशुनदेवपट्टी गांव के पास पहुंचे थे कि उन्हें झपकी आई और स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दीवार से टकराकर पलट गई। तेज आवाज के साथ स्कॉर्पियो पलटने के बाद आसपास के घरों के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने देखा कि सीट बेल्ट पहने होने के नाते गाड़ी का एयरबैग खुल गया है और इसमें सवार नौशाद समेत तीन लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। रात का समय होने के कारण इस सड़क पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ। सोमवार की सुबह गाड़ी को सीधा कराकर सड़क से हटाया गया।