पडरौना। रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोतीललहा गांव में सोमवार दोपहर बाद ट्रैक्टर-ट्राली और स्कूटी से टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। जबकि 17 वर्षीय किशोरी को मामूली चोटें आईं। सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ट्रैक्टर-ट्राली और स्कूटी को कब्जे में लेकर थाने ले जाया गया।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के कल्याणछापर गांव निवासी 45 वर्षीय गीता देवी पत्नी दर्शन अपनी बेटी सपना उम्र 17 वर्ष के साथ सोमवार की दोपहर बाद आवश्यक कार्य से पडरौना आ रही थी। हरका-सपहा मार्ग पर रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोतीललहा गांव में विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से टक्कर हो गई। इससे स्कूटी सवार गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटी पर सवार सपना को मामूली चोटें आईं। घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली व स्कूटी को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है।