पडरौना। जिले की छह तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर निस्तारण की रिपोर्ट मांगी गई। तमकुहीराज तहसील सभागार में डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने फरियाद सुनी। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य मकसद है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारी के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। सुनवाई के दौरान 43 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इसमें राजस्व विभाग के 18, पुलिस विभाग सात, विकास विभाग दो व अन्य विभागों 16 मामले शामिल रहे। इसमें से महज छह का ही मौके पर निस्तारण किया गया। अन्य मामलों को संबंधित विभाग को भेजकर निस्तारण करने का निर्देश दिया गया।
इस मौके पर एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, एसडीएम कुणाल गौरव , पीडी पीयूष, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी, बीएसए अनिल कुमार सिंह, डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता, डीडी कृषि अतींद्र सिंह , डीएसओ कृष्ण गोपाल पांडेय, तहसीलदार महेश कुमार,सीओ जयंत कुमार यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
00000
11 मामले दर्ज,महज तीन का हुआ निस्तारण
कप्तानगंज। तहसील सभागार में एसडीएम आकांक्षा मिश्रा की अगुवाई में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें कुल 11 मामले आए। जिसमें राजस्व के सात, शिक्षा का एक सहित अन्य विभागों से जुड़े तीन मामले आए। मौके पर राजस्व से जुड़़े तीन मामलों का निस्तारण कर दिया गया। इस मौके पर तहसीलदार चंदन शर्मा,नायब तहसीलदार एकता त्रिपाठी, बीडीओ अमरनाथ पांडेय, पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिन्हा, सविता भारती, आशुतोष कुमार, सुरेंद्र प्रजापति, संगम प्रसाद, विचित्र मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे l संवाद
00000
गैर हाजिर रहे चकबंदी व नगरपालिका के जिम्मेदारों को नोटिस
कुशीनगर। कसया तहसील सभागार में सोमवार को एसडीएम विवेक मिश्रा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 21 मामले आए। उनमें से मौके पर सिर्फ दो मामलों का निस्तारण कर दिया गया,शेष 19 मामलों के निस्तारण के लिए उनसे जुड़े विभागों को समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिपरक निस्तारण के लिए भेजकर रिपोर्ट मांगी गई। वहीं, चकबंदी विभाग व नगरपालिका की तरफ से जिम्मेदारों के अनुपस्थित होने के चलते उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस मौके पर सीओ डॉ. अजय सिंह, तहसीलदार धर्मवीर सिंह सहित विभागों के अधिकारी आदि मौजूद रहे। संवाद