पांच तहसीलों में आए कुल 140 मामलों में से 23 का हुआ निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। जिले के सभी तहसील सभागारों में शनिवार को संपूर्ण समाधान का आयोजन हुआ। इसमें सभी विभागों के विभागाध्यक्षों को शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पांच तहसीलों में कुल 140 मामलों दर्ज हुए, जिसमें से महज 23 का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
पडरौना तहसील सभागार में एसडीएम महात्मा सिंह और तहसीलदार सुमित सिंह की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान का आयोजन हुआ। एसडीएम ने कहा कि सभी विभागों के विभागाध्यक्षों को मिली शिकायतों के निस्तारण में तेजी लानी चाहिए। तहसीलदार ने बताया कि समाधान दिवस में राजस्व के 12, पुलिस के चार और विकास के दो समेत 18 मामले दर्ज हुए, जिसमें से राजस्व के चार मामले निस्तारित कर दिए गए।
इसी तरह हाटा तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व के 23, पुलिस के तीन, विकास के चार व अन्य विभागों के दस मामले पंजीकृत हुए, जिसमें से राजस्व के केवल चार मामले ही निस्तारित हो सके।
कप्तानगंज तहसील सभागार में एसडीम व्यास नारायण उमराव और तहसीलदार कृष्ण गोपाल त्रिपाठी की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें राजस्व के पांच पुलिस के चार विकास के एक और अन्य विभागों के दो समेत कुल 12 मामले दर्ज हुए। इसमें से कुल आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारित किया गया।
इस दौरान नायब तहसीलदार अंजू यादव, बीएन सिंह, मारकंडेय गुप्ता, आशुतोष कुमार, अशोक चौरसिया आदि मौजूद रहे।
गंगुआ बाजार प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को तमकुहीराज तहसील सभागार में एसडीएम विकास चंद्र व सीओ जितेंद्र कालरा की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें राजस्व के 22, पुलिस विभाग के नौ, विकास के पांच और अन्य विभागों के 12 समेत कुल 48 मामले पंजीकृत हुए। इसमें से राजस्व के महज चार मामले मौके पर निस्तारित हो सके।
इस दौरान तहसीलदार चंदन शर्मा, डॉ. अमित कुमार राय, एसएचओ तमकुहीराज नीरज राय, तरयासुजान थाना प्रभारी अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार तहसील सभागार में शनिवार को एसडीएम आशुतोष की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 22 मामले आए, जिसमें से तीन मामले निस्तारण किए गए। इस दौरान तहसीलदार महेश कुमार, कानूनगो अजीत कुमार, बृजनारायण सिंह, विभव शर्मा, हरेंद्र गुप्ता, विपिन मणि, अनिल चौहान आदि मौजूद रहे।