संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला। कस्बे के कप्तानगंज रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार की शाम करीब सात बजे बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इसमें दोनों बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची घायलों को रामकोला सीएचसी ले गई, जहां तीनों की हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
थाना क्षेत्र के पटेरा मंगलपुर निवासी मुंद्रिका अपनी बाइक पर एक युवक के साथ घर जा रहे थे। उस समय बारिश तेज होने के चलते वह बाइक तेज गति से चला रहे थे। अभी कस्बा के पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सरपतही निवासी शिवम की बाइक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इससे दोनों बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची रामकोला पुलिस तीनों घायलों को रामकोला सीएचसी ले गई। वहां घायल एक युवक अचेत था। घायल मुद्रिका व शिवम भी बदहवासश जैसी स्थिति में थे। डॉ. एपी गुप्ता ने बताया कि तीनों युवकों गंभीर चोटें आई हैं। उनके सिर में अधिक चोट आई है। प्राथमिक उपचार कर तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।