पडरौना शहर में निकाली गई साईं बाबा की झांकी में शामिल सदर विधायक मनीष जायसवाल व अन्य अनुयाई। सं
पडरौना। शहर में सोमवार को श्री साईं बाबा की शोभायात्रा श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। साईं बाबा की पालकी के दर्शन और पूजन के लिए रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। भगवान शिव और उनके गणों की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
शहर के तुलसी आवास विकास कॉलोनी से विधिवत पूजन-अर्चन के बाद शोभायात्रा की शुरुआत हुई। साईं बाबा की सजी हुई पालकी के साथ श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच आगे बढ़े। यात्रा रामकोला रोड, सुभाष चौक, कोतवाली रोड, धर्मशाला रोड और नौका टोला होते हुए वापस आयोजन स्थल पर पहुंची। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने साईं बाबा की पालकी का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया। कई स्थानों पर पालकी पर पुष्पवर्षा की गई।
श्रद्धालु साईं बाबा के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल रहे। इससे पूरे मार्ग पर माहौल भक्तिमय बना रहा। आयोजक डॉ. अरुण गौतम और अभिनव चौरसिया ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य लोगों को साईं बाबा के संदेश, सेवा और मानवता की भावना से जोड़ना है। शोभायात्रा में सदर विधायक मनीष जायसवाल, पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा, संतोष जायसवाल, धनंजय मौर्या, प्रमोद गौतम,मनीष जायसवाल बुलबुल, नीरज सिंह बिट्टू, महेश रौनियार, किशन जायसवाल, सुरेश तुरहा, नुबुल अग्रवाल, चंदन तिवारी, सदाशिव मणि त्रिपाठी, अजय लोहिया समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।