कसया। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर सभागार में आरएसएस के सभी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में बृहस्पतिवार को वीर बाल दिवस का आयोजन हुआ।
इसमें सिख धर्म के दसवें गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह का धर्म रक्षा के लिए किए गए बलिदान पर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत इनके चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन कर की गई। इसके बाद सिख समाज के लोगों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यवक्ता अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना नई दिल्ली के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. डॉ. ईश्वर शरण विश्वकर्मा ने कहा कि इतिहास से हमें सबक मिलता है। गुरु गोबिंद सिंह के साहिबजादों को विश्वासघात कर मुगल सैनिकों से गिरफ्तार करवाया गया।
विशिष्ट अतिथि गुरुद्वारा कबीर दास मगहर की मुख्य प्रशासक राना परमजीत कौर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन कर सिख समाज के लोगों को सम्मानित किया गया, अभिभूत हूं।अध्यक्षता बुद्ध पीजी काॅलेज के प्रबंध समिति के सचिव वीरेंद्र सिंह अहलूवालिया ने की। आभार ज्ञापन देवरिया विभाग प्रमुख डॉ. सीएस सिंह और संचालन अमिताभ त्रिपाठी ने किया। समापन वंदे मातरम से हुआ।
इस दौरान पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, अविनाश शुक्ला, दिनेश तिवारी, निलय सिंह आदि लोग मौजूद रहे।