उजारनाथ। क्षेत्र के गांव धारमठिया में दो दिन से चोरों के आने की अफवाह से ग्रामीण रतजगा कर रहे हैं। हालांकि, चोरों के संबंध में कोई सुराग नहीं लग पा रहा है। ग्रामीणों ने रात में ही हर संभावित स्थानों को चोरों को ढूंढ़ने का प्रयास किया लेकिन, चोरों का पता नहीं चला।
बृहस्पतिवार की रात में गांव चौकीदार केदार सिंह ने शोर किया कि उनके घर के चोरों का एक दल आया था। इसके बाद धीरे धीरे गांव के अधिकांश ग्रामीण टार्च व लाठी लेकर गांव की निगरानी की। गांव के उत्तर दिशा में डीह पर निर्जन जगहों का देखा लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार की रात करीब ग्यारह बजे चौकीदार ने ही शोर मचाया कि गांव में चोर घुस गए हैं। गांव वाले फिर टार्च व लाठी लेकर दौड़ लगाते रहे लेकिन चोर नहीं मिले। एक ग्रामीण ने बताया कि गांव में कुछ पियक्कड़ शराब पीकर रात में अनावश्यक चोर चोर का शोर मचा कर लोगों को परेशान कर रहे हैं। लगातार एक ही गांव में चोरों का सक्रिय होना संभव नहीं है। जबकि थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि चोरों के गांव में आने की कोई सूचना पुलिस को किसी ग्रामीण या चौकीदार ने नहीं दी है।