बुद्ध पीजी कॉलेज में रोवर्स रेंजर्स शिविर के बाद प्रमाणपत्र के साथ छात्र ।
कसया। बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर में आयोजित तीन दिवसीय रोवर्स रेंजर्स शिविर का समापन बुधवार को प्रमाणपत्र वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूगोल विभाग के शिक्षक डॉ. ज्ञानेश सिंह ने शिविरार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि शिविर से प्राप्त अनुभवों को जीवन में उतारने पर ही उसकी वास्तविक सफलता निर्भर करती है। सेवा, समर्पण और त्याग की भावना से परोपकार के कार्य करने पर ही शिविर का उद्देश्य सार्थक होगा। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविर युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए आयोजित किए जाते हैं। रोवर्स-रेंजर्स युवाओं में सेवा, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है।
विशिष्ट अतिथि मुख्य नियंता डॉ. दुर्गेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण से विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण होता है और उन्हें ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। डॉ. त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास है। इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों को व्यावहारिक जीवन के लिए तैयार करते हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता, सहयोग और सेवा भाव को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में रेंजर्स लीडर डॉ. अंशू यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। शिविर का प्रशिक्षण जिला प्रशिक्षण आयुक्त मु. इजहारुल खान, एनपी सिंह, राहुल गोंड, सुष्मिता पाण्डेय और आस्था भारती द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन मु. इजहारुल खान ने किया, जबकि आभार रोवर्स लीडर डॉ. राजीव राय ने व्यक्त किया। समापन अवसर पर झंडारोहण के साथ शिविर समाप्ति की घोषणा की गई। इस दौरान डॉ. दुर्गविजय सिंह, डॉ. पूजा, डॉ. कमाल हसन, डॉ. राकेश सोनकर, अमित तिवारी, वासु गोंड सहित अन्य लोग मौजूद रहे।