पडरौना। सावन के दूसरे सोमवार और पहले तेरस पर जिले के प्राचीन कुबेरस्थान मंदिर में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। इस दिन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने शहर के कुबेरस्थान मार्ग पर रूट डायवर्ट किया है। इस मार्ग पर तड़के तीन बजे से शाम पांच बजे तक किसी भी तरह के कॉमर्शियल वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात निरीक्षक अश्वनी कुमार राय ने बताया कि सावन के सोमवार और तेरस पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होती है। पडरौना-तुर्कपट्टी मार्ग स्थित प्राचीन शिव मंदिर कुबरेस्थान जाने वाले श्रद्धालुओं भीड़ को देखते हुए पडरौना-कुबेरस्थान और कुबेरस्थान-तुर्कपट्टी मार्ग पर सुबह तीन बजे से शाम पांच बजे तक रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
इन दोनों तिथियों में सेवरही, तमकुहीराज से पडरौना की तरफ आने वाले बड़े कामर्शियल वाहन नोनिया पट्टी से डायवर्ट होकर नहर फाल तुर्कपट्टी रोड, सपहा चौराहा होते गंतव्य को जाएंगे। नोनिया पट्टी/खनवार रोड की तरफ से कुबेरस्थान मंदिर की तरफ आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग बंद पड़े पेट्रोल पंप के खाली स्थान पर की जाएगी। संवाद