पडरौना। मोहर्रम पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने 26 जून को पडरौना और कसया नगर क्षेत्र में रूट डायवर्जन किया है। जुलूस मार्गों पर भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
पडरौना सीओ अजय सिंह ने बताया कि 26 जून को सुबह 4 बजे से 8 बजे तक तथा जुलूस के दौरान कस्बा पडरौना में बड़े वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। सरस्वती चौक, सब्जी मंडी मोड़, रविंद्रनगर चौराहा, मटिहनिया, बलुचहां पुल, खिरिया टोला, बावली चौक, स्टेशन बाईपास, रेलवे स्टेशन मोड़ और जिरकिया सहित प्रमुख स्थानों पर नो-एंट्री व्यवस्था प्रभावी रहेगी। शाम पांच बजे से जुलूस समाप्ति तक रामकोला और खड्डा रोड की ओर से आने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहन बावली चौक से बड़ी नहर मार्ग होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। खिरकिया रोड से आने वाले वाहन अंबे चौक, बेलवा चुंगी, स्टेशन तिराहा और कठकुइयां मोड़ होकर गुजरेंगे। दरबार रोड की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और अनावश्यक रूप से जुलूस मार्गों पर वाहन लेकर न जाने की अपील की है। रात आठ बजे के बाद नो-एंट्री समाप्त होने पर भी भारी वाहनों का संचालन निर्धारित डायवर्जन मार्गों से ही कराया जाएगा। रामकोला, खड्डा, खिरकिया और बांसी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
कसया नगर में इस तरह बदला रहेगा रूट
-कसया नगर में 26 जून को सुबह 10 बजे से जुलूस समाप्ति तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। पडरौना की ओर से आने वाले वाहन बैरिया कांटा, सपहा नहर और गोपालगढ़ मार्ग से होकर जाएंगे। वहीं गोरखपुर और देवरिया की ओर से आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। शहीद चौक से गांधी चौक की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा विशुनपुरा कट, देवरिया ओवरब्रिज और गोला बाजार से भी गांधी चौक की तरफ भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।