तमकुहीराज/तुर्कपट्टी। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बभनौली में शुक्रवार देर शाम सेवरही थाना क्षेत्र के धुरिया हाता निवासी रोहित की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने छह युवकों पर प्राथमिकी दर्ज कर दो दो हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। रोहित की मां की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हमले में घायल सपही टड़वा निवासी नीरज पटेल का इलाज चल रहा है। उसकी सेहत में सुधार है।
सेवरही थाना क्षेत्र के धुरिया हाता गांव निवासी सुरेंद्र खरवार का 18 वर्षीय पुत्र रोहित अपने दोस्त तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सपही टड़वा निवासी नीरज पटेल (21) के साथ शुक्रवार शाम करीब छह बजे बाइक से बभनौली बाजार के लिए निकला। घर लौटते समय बभनौली स्थित एक निजी स्कूल के समीप दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों युवकों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को तमकुहीराज व सेवरही सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सक ने रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि नीरज का उपचार कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवा राजापाकड़ के सोनू पासवान, आदित्य पासवान, आदित्य व संदीप मेहता के अलावा सेवरही थाना क्षेत्र के अजय नगर बभनौली निवासी रंजन खरवार और सगरगटिया करनपट्टी के अजय निषाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ सदर राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो को पुलिस हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।