पडरौना। कुशीनगर जिले से महराजगंज जिले तक रोडवेज की बस का दोबारा संचालन कराने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय की ओर से पहल किया गया है। इसके पूर्व कुछ माह तक रोडवेज बस का संचालन हुआ था, लेकिन रोडवेज ने सवारी नहीं मिलने का जिक्र करते हुए बस को बंद कर दिया था।
कुशीनगर जिला मुख्यालय से महराजगंज जिले के लिए रोडवेज की एक भी बसें नहीं चलती है। इसके चलते लोगों को तीन जगह टेंपो बदलकर जाना पड़ता है। शाम चार बजे के बाद कप्तानगंज तक सिर्फ टेंपो मिलता है, इसके चलते लोगों को पडरौना से महराजगंज का सफर करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। खड्डा विधायक ने बताया कि परिवहन मंत्री से इसके लिए पत्र लिखा गया है।
दोबारा पडरौना से महराजगंज के लिए रोडवेज की बस सेवा शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे दोनों जिले के बड़ी आबादी को राहत होगी। इसके लिए रोडवेज के जिम्मेदारों से भी बात की जा रही है। पूर्व में सवारी कम मिलने की बात कह बस का संचालन बंद कर दिया गया था, ऐसा था नहीं, क्यों कि एक दिन में दो हजार से अधिक लोगों का आवागन महराजगंज से पडरौना के लिए होता है।
गोरखपुर जाने के लिए लोग भी इस रूट का इस्तेमाल करते हैं। जनहित में रोडवेज बस का संचालन कराया जाएगा। रोडवेज के डिप्टी आरएमओ जयप्रकाश प्रधान ने बताया कि इस रूट पर काफी दिनों से बस चलाने का प्रयास चल रहा है, सर्वे भी कराया गया है, लेकिन एक बार घाटा लगने के कारण बस बंद हो गई थी।